विशाखापट्टनम, 18 अगस्त। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को देश के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण ताकत बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और विचार-क्षमता का सही दिशा में उपयोग भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।
भाजपा के युवा मोर्चा के तत्वावधान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में नवीन ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 के भारत की नींव आज के युवाओं को रखनी है। उनके मुताबिक व्यवस्था की आलोचना करना आसान है, लेकिन नई व्यवस्था या समाधान खड़ा करना अधिक कठिन है। इसलिए युवाओं को विध्वंस के बजाय सृजन और आलोचना के बजाय समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
जनप्रतिनिधियों के साथ इंटर्नशिप का सुझाव
कार्यक्रम में एक विद्यार्थी ने जनप्रतिनिधियों और विधायकों के साथ इंटर्नशिप का अवसर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। इस पर नवीन ने कहा कि इंटर्नशिप और नेतृत्व कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को शासन एवं प्रशासन की बेहतर समझ दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि नीति-निर्माण में युवाओं की भागीदारी का मतलब उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा बनाना है। युवाओं को शासन की कार्यप्रणाली समझने और समाज से जुड़े मुद्दों पर समाधान तलाशने के अवसर मिलने चाहिए।
स्टार्टअप और रोजगार पर जोर
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत का युवा स्टार्टअप इकोसिस्टम को गति दे रहा है और रोजगार मांगने वाले युवाओं के साथ-साथ रोजगार देने वाले उद्यमियों की संख्या भी बढ़ रही है।
प्रेस नोट के अनुसार, उन्होंने विनिर्माण, मोबाइल उत्पादन, रक्षा उपकरण, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में उभरते अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने विदेशों में रह रहे भारतीय उद्यमियों और शोधकर्ताओं से भी भारत लौटकर देश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।
शिक्षा में AI की भूमिका बढ़ने की बात
नितिन नवीन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। उनके अनुसार, विद्यार्थियों की क्षमता और आवश्यकता के अनुसार व्यक्तिगत शिक्षण पद्धतियों के विकास में AI की भूमिका बढ़ सकती है।
उन्होंने JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल सीखने की बात कही।
सोशल मीडिया पर फैक्ट-चेकिंग जरूरी
युवा संवाद के दौरान सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी नवीन ने विद्यार्थियों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध हर जानकारी को सच नहीं मानना चाहिए।
उन्होंने गलत सूचनाओं, मॉर्फ की गई तस्वीरों और AI आधारित फर्जी सामग्री के प्रसार का उल्लेख करते हुए युवाओं से किसी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी तथ्य-जांच करने की आदत विकसित करने की अपील की।
नवीन ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। सकारात्मक और उपयोगी जानकारी साझा करके सोशल मीडिया को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के साथ अनौपचारिक बातचीत भी की।



