नई दिल्ली।
दिल्ली में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और हमलों की घटनाओं को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश जारी किया है। कोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने कहा है कि अगले आठ हफ्तों में सभी आवारा कुत्तों को पकड़कर विशेष आश्रय स्थलों में रखा जाए। इसके साथ ही अदालत ने स्पष्ट किया कि इस अभियान में कोई भी व्यक्ति या संगठन बाधा न डाले। यदि कोई ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने दी। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि दिल्ली में एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, जिस पर शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाए।
रवीना टंडन ने दी अपनी प्रतिक्रिया
इस फैसले के बाद कई लोगों ने अपनी-अपनी राय रखी है। अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी इस विषय पर बात की। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के लिए उन्हें दोषी ठहराना गलत है। यदि स्थानीय निकाय समय पर टीकाकरण और नसबंदी कार्यक्रम चलाते, तो यह स्थिति नहीं आती। रवीना ने कहा कि स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और नसबंदी पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
रवीना टंडन का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो रवीना टंडन जल्द ही फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, लारा दत्ता, दिशा पाटनी और संजय दत्त जैसे कई बड़े सितारे शामिल हैं। यह फिल्म पहले क्रिसमस पर रिलीज होने की योजना में थी, लेकिन अब इसकी तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।